गुरुग्राम। रोहतक में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालय योग प्रतियोगिता में जिले की छात्रा प्रज्ञा ने शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल किया। यह प्रतियोगिता बालिकाओं के अंडर-11 आयु वर्ग में पारंपरिक योग वर्ग में आयोजित की गई। प्रज्ञा जीजीएमएसपी विद्यालय कनहई की छात्रा हैं। उन्होंने अपनी लय, संतुलन और निपुणता से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए स्वर्ण पदक जीता। इस अवसर पर एईओ जगदीश अहलावत ने प्रज्ञा को बधाई देते हुए कहा कि इस छोटी सी बच्ची ने अनुशासन, परिश्रम और योग के प्रति समर्पण का श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत किया है। योग प्रतियोगिता का यह चरण विद्यालय योग कार्यक्रम को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग, हरियाणा द्वारा आयोजित किया गया था। संवाद