गुरुग्राम। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) गुरुग्राम-झज्जर स्टेट हाईवे के बसई वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से धनकोट हिस्से का मरम्मत कार्य जल्द शुरू कराने जा रहा है। इसके लिए सात कंपनियों ने आवेदन किया था जिसमें से एक को कार्य सौंप दिया गया है। इस पर आठ करोड़ रुपये खर्च होंगे और छह माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
गुरुग्राम-फर्रुखनगर-झज्जर स्टेट हाईवे 19 किलोमीटर लंबा है। भूतेश्वर मंदिर से शुरू होकर बसई गांव से होते हुए धनकोट, केएमपी एक्सप्रेसवे और झज्जर तक जाता है। स्टेट हाईवे द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ सेक्टर 99 और सेक्टर 102 को विभाजित करता है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार भूतेश्वर मंदिर से शुरू होने वाली इस सड़क के पहले पांच किलोमीटर नगर निगम गुरुग्राम के अधीन हैं। सड़क के दोनों ओर आवासीय सोसाइटियों के लोगों को टूटी सड़क से परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसे में लोक निर्माण जल्द कार्य को पूरा कराना चाहता है। कार्यकारी अभियंता सचिन भाटी ने बताया कि ठेकेदार को तय समय में काम पूरा करने को कहा गया है। ब्यूरो