पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा, युवक की पहचान के लिए विशेष टीम गठित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। रायपुर गांव के पास अरावली पहाड़ी क्षेत्र में रेल लाइन से करीब 300 मीटर दूर 28 जून को मिले शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार युवक की तेजधार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई थी। इसके बाद सोहना सिटी थाना पुलिस और अपराध शाखा-5 की टीम मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार 28 जून को अरावली क्षेत्र में पत्थरों पर एक अज्ञात युवक का शव गली-सड़ी अवस्था में पड़ा मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोहना नागरिक अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि युवक की मौत प्राकृतिक नहीं, बल्कि गला रेतकर हत्या किए जाने से हुई थी। शव अत्यधिक सड़ी-गली अवस्था में होने के कारण घटनास्थल पर हत्या के स्पष्ट निशान नहीं मिल सके थे। गले पर चोट के निशान भी मौके पर दिखाई नहीं दिए और हत्या की पुष्टि केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हो सकी।
पुलिस ने पहचान नहीं होने पर 72 घंटे बाद नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार करा दिया। घटना के 11 दिन बाद भी पुलिस मृतक की पहचान नहीं कर सकी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मृतक राजस्थान या उत्तर प्रदेश का रहने वाला हो सकता है। पुलिस का कहना है कि अब तक गुरुग्राम, पलवल, नूंह, रेवाड़ी और फरीदाबाद जिलों के किसी भी थाने में इस युवक के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज नहीं मिली है। सोहना सिटी थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान और हत्या के आरोपियों तक पहुंचने के लिए चार सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई है। इसके अलावा सोहना अपराध शाखा भी अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है।