गुरुग्राम। पटौदी क्षेत्र में बदमाश शराब कारोबारी को स्कॉर्पियो में बंधक बनाकर चार घटे तक घुमाते रहे। इस दौरान उसकी बुरी तरह पिटाई की और सूनसान जगह पर फेंक कर फरार हो गए। शराब कारोबारी के चार लाख रुपये और कार भी बदमाश लूटकर फरार हो गए।
भोड़ाकला निवासी संजय ने पटौदी थाना पुलिस को बताया कि उनका शराब का कारोबार है। बिलासपुर से लेकर पटौदी क्षेत्र में राजेश वाइन के नाम से कई दुकानें हैं। छोटा भाई राजेश रोजाना की तरह दुकानों से स्कॉर्पियो से पैसे कलेक्शन के लिए गया था। शनिवार रात उसकी कार के साथ एक अन्य स्कॉर्पियो चलने लगी जिसने उसकी गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से गाड़ी बंद हो गई।
इसके बाद बदमाशों ने उसे गन प्वाइंट पर लेकर वारदात को अंजाम दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उसका उपचार किया जा रहा है।
पटौदी थाना पुलिस ने संजय के बयान पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट, शस्त्र अधिनियम व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस छानबीन में जुटी है। पुलिस वारदात वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। कुछ स्थानों का डंप भी लिया गया है। जिसके आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पीड़ित का कहना है कि बदमाश कई दिन से रेकी कर रहे होंगे। उन्होंने शनिवार को उस समय घटना को अंजाम दिया है, जब वह शराब की दुकानों से पूरे दिन का केश लेकर जा रहे थे। पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है। अब तक की जांच के अनुसार बदमाशों को जानकारी देने वाला कोई नजदीकी व्यक्ति है। इस मामले में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।