संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। खंड के खानपुर घाटी गांव में शुक्रवार को शमशान घाट की जमीन पर अवैध कब्जा होने के चलते ग्रामीणों ने रास्ते में शव का दाह संस्कार किया। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाया कि रास्ते में दाह संस्कार नहीं करना चाहिए। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को गांव के ही एक बुजुर्ग व्यक्ति का निधन हो गया था। जिसका दाह संस्कार करने के लिए श्मशान घाट में जगह नहीं थी क्योंकि श्मशान घाट की जमीन पर अवैध कब्जा किया हुआ है।
ग्रामीण दया राम, रति सिंह, यादराम सहित अन्य ने बताया कि यह जमीन हमें चकबंदी के दौरान मिली थी। अनेकों बार दी शिकायतों पर कार्रवाई ना होने पर नाराज होकर रास्ते पर शव का अंतिम संस्कार किया है। अंतिम संस्कार के बाद लोगों ने रास्ते को काटने का भी मन बनाया लेकिन वहां पर पिनगवां थाना प्रभारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे।
थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और कहा कि स्कूल के रास्ते पर शव का अंतिम संस्कार करना गलत है। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दस दिन के अंदर श्मशान भूमि खाली नहीं कराई तो हम रास्ते को काट देंगे और प्रदर्शन करेंगे। थाना प्रभारी सुभाष चंद का कहना है कि सरकारी स्कूल के रास्ते पर दाह संस्कार करने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराया और आगे से ऐसा ना करने के आदेश भी दिए गए है।