दोनों फ्लाईओवर के बनने से जाम से मिलेगी राहत, जीएमडीए जल्द जारी करेगा टेंडर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) सेक्टर-85/86-89/90 चौक (दादी सती चौक) और सेक्टर-45/46-51/52 के चौक (आंबेडकर चौक) पर फ्लाईओवर निर्माण की योजना को जल्द सिरे चढ़ाने जा रहा है। जीएमडीए की योजना है कि दो माह में दोनों फ्लाईओवर का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाए। 15 अगस्त तक दोनों के निर्माण का टेंडर जारी करने की तैयारी है।
जीएमडीए मास्टर प्लान 2031 को ध्यान में रखकर शहर में अंडरपास और फ्लाईओवर के निर्माण पर काम कर रहा है। इसी के तहत आंबेडकर चौक और दादी सती चौक पर फ्लाईओवर का निर्माण की योजना है। दोनों फ्लाईओवर छह लेन के होंगे और लंबाई 700 से 800 मीटर के बीच रहेगी। आंबेडकर चौक पर जाम की समस्या रहती और 52 करोड़ रुपये से फ्लाईओवर का निर्माण होगा। इस परियोजना के पूरा होने से सोहना हाईवे से जुड़ाव बेहतर होगा।
दूसरा न्यू गुरुग्राम में दादी सती चौक फ्लाईओवर का निर्माण होना है। इस पर करीब 59 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे द्वारका एक्सप्रेसवे से मानेसर जाने वालों को राहत मिलेगी। इससे आईएमटी मानेसर के औद्योगिक संस्थानों व इसके साथ विकसित हो रहे सेक्टरों के लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। दोनों चौक का डीपीआर के बाद डीएनआईटी तैयार कराई जा रही है। शहरी विकास के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने जीएमडीए के अधिकारियों को दोनों फ्लाईओवर निर्माण के लिए 15 अगस्त तक टेंडर जारी करने के निर्देश दिए हैं।
-
हीरो होंडा फ्लाईओवर के लिए सीआरआरआई की रिपोर्ट का इंतजार
गुरुग्राम। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को हीरो होंडा फ्लाईओवर की केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीआरआरआई) से रिपोर्ट का इंतजार है। इसी रिपोर्ट के अनुसार एनएचएआई की ओर से फ्लाईओवर पर कार्य कराया जाएगा। तीन जनवरी को फ्लाईओवर में गड्ढा हो गया था। करीब सात माह से हाईवे की एक लेन बैरिकेट से बंद है। लेन बंद होने से वाहन चालकों को परेशानी होती। हीरो होंडा फ्लाईओवर का जयपुर से गुरुग्राम ओर का एक लेन तीन जनवरी में क्षतिग्रस्त हो गया था। इसकी जांच एनएचएआई ने सीआरआरआई से कराई है। सीआरआरआई की टीम निर्माण के सैंपल ले चुकी है। अब रिपोर्ट आने पर साफ होगा कि हीरो होंडा चौक सफर के लिए सुरक्षित है या असुरक्षित। रिपोर्ट के अनुसार ही नया फ्लाईओवर बनाने या मरम्मत कराने पर निर्णय होगा। ब्यूर