संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर चल रहे फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के कारण वाहन चालकों को रोजाना जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। हाईवे पर सुबह और शाम के समय लगने वाला जाम अब दोपहर में भी देखने को मिल रहा है, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।
दिल्ली से जयपुर और जयपुर से दिल्ली की ओर आने-जाने वाले हजारों वाहन चालक रोजाना इस मार्ग का उपयोग करते हैं। निर्माण कार्य के चलते कई स्थानों पर सड़क का दायरा कम हो गया है, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ जाती है और लंबी कतारें लग जाती हैं। जाम में फंसने के कारण लोगों का काफी समय बर्बाद हो रहा है। बारिश के मौसम में तो और भी हालत खराब होने लगती है। हल्की बारिश में ही हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है।
बता दें कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) हाईवे पर जाम से निजात दिलाने के लिए हाईवे पर कई स्थानों पर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य करा रहा है ताकि लोगों को जाम राहत मिल सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य जरूरी है, लेकिन यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए बेहतर व्यवस्था की आवश्यकता है। उनका कहना है कि ट्रैफिक प्रबंधन मजबूत किया जाए और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।