30 करोड़ रुपये खर्च करेगा निगम, झील के पहले भाग का काम लगभग पूरा
दीपक
मानेसर। अरावली की तलहटी में बसे कासन गांव में नगर निगम मानेसर जल्द ही बायोडायवर्सिटी पार्क बनाने जा रहा है। यह पार्क लगभग 50 एकड़ में विकसित किया जाएगा। अभी झील के पहले भाग का काम पूरा हो चुका है। निगम की ओर से जल्द ही दूसरे भाग का काम शुरू करा दिया जाएगा। बायोडायवर्सिटी पार्क विकसित करने के लिए नगर निगम मानेसर लगभग 30 करोड़ रुपये लगाएगा।
वहीं, झील के पहले भाग का काम पूरा चुका है निगम की तरफ से इसमें लगभग 5 करोड़ 90 लाख रुपये लगाए हैं। बायोडायवर्सिटी पार्क बनने से मानेसर के कासन समेत आस-पास के गांवों को भी लाभ मिलेगा। निगम पूरी तैयारी के साथ इलाके में पार्क बनाने को लेकर कार्य कर रहा है। झील 14 एकड़ में फैली हुई है, जिसमें 10 एकड़ में पानी भरा है और 4 एकड़ पर पैदल चलने के लिए ट्रैक व पार्क बनाए गए हैं। साथ ही लोगों के लिए पीने का पानी, शौचालयों की व्यवस्था की गई है। बिजली की पूर्ति के लिए सोलर प्लांट स्थापित किया गया है और हर जगह पर पेड़-पौधे लगाए गए हैं।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के करीब होने, नेशनल हाईवे 48 और कुंडली मानेसर पलवल मार्ग से सीधा जुड़ाव होने के कारण यहां पर्यटकों की भरमार रहेगी। निगम की ओर से जल्द ही दूसरे भाग का काम शुरू किया जाएगा। झील में गंदे पानी को साफ करने के लिए भी जल शोधन यूनिट लगाई गई है। झील के पानी से बदबू न आए इसके लिए भी विशेष योजना बनाई गई है। यहां पर 15 प्रकार के फल, फूलदार पौधे लगाए गए हैं। निगम पेड़ पौधों में पानी देने के लिए निगम झील के पानी का प्रयोग कर रहा है। निगम की तरफ से इसके लिए चार पानी के टैंकर लगाए गए हैं।
कासन गांव की तलहटी में विकसित होने वाले बायोडायवर्सिटी पार्क की डीपीआर तैयार है। जल्द ही मुख्यालय मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। - प्रदीप सिंह, आयुक्त, नगर निगम, मानेसर।