नागरिकों की शिकायतों को डीसी अजय कुमार ने गंभीरता से लिया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले के नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त अजय कुमार ने फर्रुखनगर, बादशाहपुर और मानेसर तहसीलों में रजिस्ट्री की जांच के लिए विशेष कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी संबंधित क्षेत्र के एसडीएम की देखरेख में एक अप्रैल 2025 से 31 अगस्त 2025 तक की अवधि में उपरोक्त तहसीलों में बिना एनओसी के पंजीकृत रजिस्ट्रियों की संपूर्ण जांच करेगी और रिपोर्ट डीसी कार्यालय को सौंपेगी। बिना एनओसी के रजिस्ट्री को पंजीकृत किया जाना एचडीआरयूए की धारा 7ए का उल्लंघन है।
डीसी के आदेशानुसार फर्रुखनगर तहसील की जांच की जिम्मेदारी उपमंडल अधिकारी (ना) पटौदी के प्रवाचक सतीश को सौंपी गई है। मानेसर तहसील में जांच कार्य का दायित्व तहसील गुरुग्राम के आरसी विजय को दिया गया है। बादशाहपुर तहसील में यह कार्य नगद शाखा के सहायक प्रदीप कुमार को सौंपा गया है।
डीसी अजय कुमार ने कहा कि नागरिकों की शिकायतें सर्वोपरि हैं और शासन-प्रशासन की पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी ताकि भविष्य में इस प्रकार की शिकायतें न उठें और आमजन को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
बता दें कि जमीन की रजिस्ट्रियों में गड़बड़ी करने पर कादीपुर तहसील के नायब तहसीलदार अनिल यादव पर गाज गिर चुकी है। इन पर नियमों की अनदेखी करने का आरोप लगा था। नायब तहसीलदार के खिलाफ विभागीय रिपोर्ट के अलावा लगातार शिकायतों की रिपोर्ट प्रशासन की ओर से सरकार को भेजी गई थी। इसके अलावा कोरोना काल में भी नियमों की अनदेखी पर रजिस्ट्रियां करने का भी मामला आ चुका है।