गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपने घरों में लगाने के लिए तिरंगा पसंद करते लोग।
- फोटो : Gurgaon
गुरुग्राम। साइबर सिटी में गणतंत्र दिवस मनाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। एक तरफ बाजार में तिरंगे झंडे और स्टीकर की बिक्री जमकर हो रही है, दूसरी तरफ पर ताऊ देवी लाल स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह का रंगारंग आयोजन होगा। इसके लिए एक दिन पहले फुल ड्रेस रिहर्सल भी हो चुकी है।
मंगलवार को ताऊ देवी लाल स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन होगा। इस संबंध में जिला प्रशासन ने समारोह की पूरी तैयारी कर ली है। इस दौरान स्कूली बच्चे अपनी प्रतिभा के माध्यम से राज्य की संस्कृति की झलक से रूबरू कराएंगे, वहीं गुरुग्राम पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी विंग, सिविल डिफेंस, गर्ल्स गाइड भी होंगे। समारोह में राज्य के वन, शिक्षा, पर्यटन एवं संसदीय कार्य मंत्री कंवर पाल परेड की सलामी लेंगे।
गणतंत्र दिवस समारोह में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जैकबपुरा के विद्यार्थी रागनी ‘लोगों सुन लो एक अभियान चलाना सै, जल ही सै आधार जीणे का इसनै सबनै बचाणा सै’ पेश करेंगे। वहीं, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुशांत लोक के विद्यार्थी तेलंगाना व हरियाणा के लोक नृत्य प्रस्तुत करेंगे।
वहीं स्कूली बच्चे प्रजातंत्र के प्रहरी की टुकड़ी में जनता को उनके अधिकारों व सरकारी की योजनाओं के बारे में जागरूक करेंगे। बच्चे लेजियम व डंबल शो की भी प्रस्तुति देंगे। गुरुग्राम पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी विंग, सिविल डिफेंस व गर्ल्स समारोह में जिला के पांच विभागों के माध्यम से लागू की जा रही राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर झांकियों का प्रदर्शन भी होगा। इसके बाद जिला में सराहनीय कार्य करने वाली कंपनियों व उपलब्धि हासिल करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।