साइबर सिटी से गुजरने वाले मुख्य मार्गों, दिल्ली बाॅर्डर के साथ अन्य सड़कों पर जलभराव से थमी रफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर में दो दिन तक रुक-रुककर हुई बारिश के बाद हुए जलभराव का असर मंगलवार को नजर आया। वाहनों की रफ्तार थम गई। मुख्य सड़कों पर मंगलवार को जाम की स्थिति बनी रही। साइबर सिटी से गुजरने वाले विभिन्न मुख्य मार्गों, दिल्ली बाॅर्डर के साथ रेलवे रोड और ओल्ड सोहना रोड पर मिनटों का सफर घंटों में तय हुआ।
शहर में 21 एमएम बारिश दर्ज की गई, लेकिन कई सड़कों पर पानी भरा रहा। गुरुग्राम से दिल्ली जाने वालों को जाम से जूझना पड़ा। दिल्ली बाॅर्डर के पास एबियंस लगून अपार्टमेंट के पास भी एक गेट बंद होने के कारण स्थानीय निवासियों को भी घूमकर जाना पड़ा और सर्विस लेन पर भी जाम लगा। दिल्ली बाॅर्डर, उद्योग विहार, ओल्ड दिल्ली रोड, सदर बाजार, सोहना चौक इलाके में सुबह-शाम जाम की स्थिति बन रही है। इसकी वजह से लोग बहुत ज्यादा परेशान हुए। बारिश के दौरान तो इन क्षेत्रों में टूटी सड़कों में पानी जमा हो जाता है। गाड़ियां निकल नहीं पातीं, लोग घंटों जाम में फंसे सरकते रहते हैं। कई सेक्टरों के भीतर भी जाम लग जाता है। सदर बाजार, अग्रसेन चौक, महावीर चौक पर बरसाती पानी जमा होने के कारण जरा सी बारिश सड़क जाम कर देती है।
पेड़ गिरने के कारण यातायात बाधित
बरिश के बाद सोमवार रात को न्यू रेलवे रोड पर एक पेड़ गिर गया। इस वजह से यातायात काफी प्रभावित रहा। ई-रिक्शा और छोटे वाहन तो निकल पा रहे थे मगर मेट्रो स्टेशन से आने वाली बसें नहीं निकल पा रही थीं। कई बसें स्टैंड से रेलवे रोड के बीच खड़ी हो गईं। दिल्ली और एनसीआर से नौकरी कर लौटने वाले लोग मेट्रो स्टेशनों से रेलवे स्टेशन और शहर के अन्य हिस्सों में आने के लिए इन्हीं बसों का प्रयोग करते हैं। सड़क बंद होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। नोएडा से आ रही युवती नाजनीन ने बताया कि वे आधे घंटे तक जाम में फंसी रही। बाद में ई-रिक्शा के सहारे घर तक पहुंचना पड़ा। मेट्रो स्टेशन से दौलताबाद स्थित अपने घर जा रही सुनीता ने कहा कि देर रात तक गिरे पेड़ को हटाने की कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिस वजह से लोग परेशान हुए।
एक्सप्रेसवे पर झेली दिक्कत
मंगलवार सुबह सेक्टर 31 रोड, सेक्टर 56 की सड़क और एक्सप्रेसवे पर लोग जाम से परेशान रहे। सुबह कार्यालय के समय इन सड़कों पर लोग जाम से जूझते नजर आए। न्यू रेलवे रोड पर पिछले दिनों लोगों की सहूलियत के लिए कुछ जगहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगा दिया गया है मगर पीक आवर में संकरी सड़क पर लगे ये ट्रैफिक सिग्नल मुसीबत बन रहे हैं। लाल बत्ती पर दूर तक जाम लग रहा है। न्यू रेलवे रोड पर सेक्टर चार-सात चौक से सदर बाजार के बीच बने इन ट्रैफिक सिग्नल के कारण ट्रैफिक की परेशानी बढ़ी है।
शीतला माता रोड पर जरा सी बारिश में पानी जमा हो जाने के कारण लोग जाम से जूझने पर विवश हैं। आषाढ़ मेले के कारण यहां लोग दूर दराज से आ रहे हैं। इस सड़क पर सेक्टर पांच और पालम विहार की ओर आने वाले ट्रैफिक के दबाव और जलभराव के कारण लोग घंटों जाम से जूझने को विवश हैं। ओल्ड दिल्ली रोड से उद्योग विहार जाने वाले रास्ते और कापसहेड़ा बाॅर्डर की ओर जाने वाले रास्ते में आम दिनों में भी सुबह शाम लोग जाम से त्रस्त रहते हैं। बारिश के दिनों में इस सड़क की हालत और ज्यादा खराब हो जाती है।