शव की शिनाख्त नहीं हो सकी, मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-1 क्षेत्र में युवक की हत्या कर शव बंद कंपनी में फेंकने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्ववॉड के साथ पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी।
युवक के सिर से खून निकला हुआ था। डीएलएफ फेज-1 थाना पुलिस को दी शिकायत में शीतला कॉलोनी में रहने वाले सुभाष नेगी ने कहा कि वह सोलिस रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में पांच साल से एडमिन एग्जिक्यूटिव हैं। उनकी कंपनी ने अपना ऑफिस डीएलएफ फेज-1 से बदलकर सेक्टर-44 में शिफ्ट कर लिया है। बीती 20 दिसंबर 2024 तक ऑफिस का करीबन सारा सामान शिफ्ट कर दिया गया था। डीएलएफ फेज-1 के ऑफिस में कुछ ही सामान बचा था। इस वजह से ताला लगा था। 5 फरवरी को सुभाष नेगी अपने साथ कंपनी के इंजीनियर सूरत नगर और मिथलेश कुमार को लेकर शाम करीब चार बजे बचा हुआ सामान लेने डीएलएफ फेज-1 के ऑफिस गए थे। कंपनी के मेन गेट का ताला खोलने के बाद जब अंदर पहुंचे तो ऑफिस के पहली व दूसरी मंजिल का ताला टूटा मिला। पहली मंजिल पर जाकर देखा तो एक युवक का शव रुई व चुन्नी के नीचे मिला। उन्होंने पुलिस को सूचित किया। प्राथमिक जांच में सामने आ रहा है कि युवक के सिर में चोट मारकर उसकी कहीं और जगह हत्या की गई है और शव को छिपाने के लिए बंद कंपनी में डाल दिया गया। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।