पुन्हाना। शहर के बीच बने सामुदायिक भवन की जल्द ही सूरत बदलने वाली है। नगरपालिका प्रशासन 64 लाख की लागत से इसकी मरम्मत और सौंदर्यीकरण कराएगा। नगर पालिका प्रशासन के अधिकारियों की मानें तो जुलाई के दूसरे सप्ताह में इस पर काम शुरू करा दिया जाएगा।
बता दें, शहर में नगरपालिका की ओर से तकरीबन डेढ़ दशक पहले सामुदायिक भवन सहित दर्जनों दुकानों का निर्माण कराया गया था। लेकिन नगर पालिका प्रशासन ने इस सामुदायिक भवन के रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया। लंबे समय से बिना उपयोग के कारण यह सामुदायिक भवन जर्जर हो गया। यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। शहर के लोग तकरीबन एक दशक से इसकी मरम्मत के साथ-साथ साफ सफाई की मांग करते आ रहे हैं।
दीवारों पर होगी पेंटिंग
नगर पालिका प्रशासन के मुताबिक, सामुदायिक भवन की मरम्मत के साथ-साथ यहां बिजली, पानी की व्यवस्था की जाएगी। सामुदायिक भवन की दीवारों पर पेंटिंग के साथ-साथ यहां पौधे भी लगाए जाएंगे ताकि शहर के लोगों को यह आकर्षित कर सके। शहरवासियों के लोगों को भी शादी समारोह के लिए जगह मिल जाएगी।
बोले शहरवासी
सामुदायिक भवन की मरम्मत होगी तो इसका सीधा लाभ शहर के लोगों को मिलेगा। छोटे-बड़े कार्यक्रम करने के लिए शहर के लोगों को शहर के अंदर ही स्थान मिल जाएगा। -धीरज बंसल
लंबे समय से शहर के लोगों की ओर से इसके मरम्मत की मांग की जा रही थी। साफ-सफाई व मरम्मत होने के बाद शहर के लोगों को सामुदायिक भवन का लाभ मिलेगा। -दीपक
डेढ़ दशक पहले बनाया गया सामुदायिक भवन रखरखाव के अभाव के कारण असामाजिक तत्वों का अड्डा बना हुआ था। साफ सफाई व मरम्मत के बाद शहरवासियों के लिए छोटे-बड़े आयोजन व बैठक आदि करने के लिए बेहतर साबित होगा। -उर्मिला देवी
सामुदायिक भवन की लंबे समय से कमी थी, शहर के अंदर रहने वाले लोगो को सामुदायिक भवन नहीं होने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता था लेकिन अब शहर के लोगों को सहूलियत मिलेगी। -कृपा देवी
सामुदायिक भवन की मरम्मत के साथ-साथ बिजली, पानी सहित अन्य सुविधाओं पर काम किया जाएगा। कागजी कार्रवाई की जा रही है। टेंडर छूटने के बाद जुलाई के दूसरे सप्ताह में इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा। -साहिल धनखड़, सचिव, नगर पालिका, पुन्हाना