चार में से दो स्टेशनों से ही डेटा उपलब्ध कराया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर की हवा लगातार चौथे दिन खराब श्रेणी में दर्ज की गई। शनिवार को शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 258 रहा, जो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के अनुसार खराब श्रेणी में आता है। शहर में कुल चार निगरानी स्टेशन हैं, लेकिन शनिवार को केवल दो स्टेशनों से ही एक्यूआई डेटा उपलब्ध कराया गया।
बीते चार दिनों से शहर की हवा में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। जानकारों का कहना है कि दिवाली के बाद से प्रदूषण के स्तर में वृद्धि हुई है, और मौसमी बदलाव जैसे धुंध व हवा की गति कम होने के कारण प्रदूषक तत्व वातावरण में लंबे समय तक बने रहते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को। प्रशासन की ओर से शहर में ग्रेप 1 लागू किया जा चुका है। निर्माण कार्यों और कूड़ा जलाने पर निगरानी तेज करने की बात कही जा रही है। यदि हवा की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में प्रतिबंधात्मक उपाय लागू किए जा सकते हैं।