गुरुग्राम का एक्यूआई 234 और मानेसर का 291 दर्ज
मानेसर की हवा लाल श्रेणी में आने की तैयारी में
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दिवाली के बाद से शहर की वायु गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है। प्रशासन की ओर से ग्रेप-2 लागू किए जाने के बावजूद हवा में केवल मामूली सुधार देखने को मिला है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 234 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। मानेसर का एक्यूआई 291 तक पहुंच गया। दो दिन से एक्यूआई लगातार बढ़ रहा है, खासतौर से मानेसर की हवा लाल श्रेणी में पहुंचने वाली है।
विशेषज्ञों का कहना है कि दिवाली पर हुई आतिशबाजी और आसपास के इलाकों में पराली जलाने की घटनाओं ने वायु प्रदूषण को बढ़ाया है। इसके साथ ही मौसम में ठंड बढ़ने और हवा की गति कम होने से प्रदूषक कण वातावरण में अधिक समय तक बने रहते हैं। जिले में प्रदूषण मापने वाले चार स्टेशन हैं, लेकिन फिलहाल केवल तीन स्टेशनों से ही आंकड़े मिल रहे हैं।
सड़कों पर उड़ती धूल, निर्माण कार्यों से निकलने वाला मलबा और जगह-जगह जलता कूड़ा प्रदूषण के स्तर को और बढ़ा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निजी वाहन कम उपयोग करें, कचरा न जलाएं ताकि प्रदूषण को कम किया जा सके।
दिवाली के बाद हवा का स्तर
21 अक्तूबर : 370 (काफी खराब श्रेणी)
22 अक्तूबर : 281 - (खराब श्रेणी)
23 अक्तूबर : 208 - (खराब श्रेणी)
24 अक्तूबर : 219 - (खराब श्रेणी)
25 अक्तूबर : 234 - (खराब श्रेणी)