डीएलएफ फेज-1 थाना क्षेत्र में दो बदमाशों ने हेड कांस्टेबल पर दो दिन पहले किया था फायर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम।
डीएलएफ फेज-1 थाना क्षेत्र में ब्रिस्टल चौक के पास शुक्रवार की रात दो बदमाशों ने सीआईए ब्रांच के हेड कांस्टेबल पर हवाई फायरिंग की थी। अब तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। पुलिस मामले में सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, लेकिन आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है।
अपराध शाखा सेक्टर-10 में तैनात हेड कांस्टेबल दलजीत सिंह पर ब्रिस्टल चौक के पास शाही चिकन कॉर्नर पर दो बदमाशों ने हवाई फायरिंग की थी। यह फायरिंग रात में तब हुई जब हेड कांस्टेबल दलजीत ने अवैध हथियार की आशंका पर बाइक सवार युवक से पूछताछ शुरू की तो उसका दूसरा साथी भी पहुंच गया और पिस्टल निकालकर कांस्टेबल को धमकी देने लगा। जब हेड कांस्टेबल ने खुद को गुरुग्राम पुलिस की सीआईए ब्रांच का कर्मी बताया तो बदमाशों ने हवाई फायर किया और मौके से भाग गए।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हवाई फायर करने वाले बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अभी तक दोनों बदमाशों की पहचान नहीं हो पाई है।