गुरुग्राम। बादशाहपुर थाने की पुलिस ने मोबाइल छीनने वाले आरोपी को वारदात के कुछ घंटों बाद बादशाहपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को 21 नवंबर को अदालत में पेश करके एक दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की। आरोपी से वारदात को अंजाम देने में प्रयोग की एक बाइक और छीना गया एक मोबाइल भी पुलिस ने बरामद किया है। आरोपी की पहचान बुलंदशहर के रोरा गांव निवासी सचिन (26) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में गुरुग्राम के खांडसा गांव में रह रहा है। आरोपी सचिन से पूछताछ में पता चला कि उसने अपने एक अन्य साथी के साथ बाइक (यह अपने जानकर से मांगकर लाया था) पर सवार होकर मोबाइल छीनने की वारदात को अंजाम दिया था। उसके खिलाफ अवैध रूप से हथियार रखने के दो मामले व छीनाझपटी करने का एक मामला गुरुग्राम में पहले भी दर्ज है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी सचिन का एक दिन का रिमांड पूरा होने के बाद 22 नवंबर को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। ब्यूरो