गुरुग्राम। भांगरौला गांव में किराये पर रहने वाले परिवार की सात साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के मामले में महिला थाना पुलिस की टीम ने दोनों आरोपियों को आगरा से गिरफ्तार किया है। महिला थाना पुलिस मानेसर की टीम ने मंगलवार को निशादनेही कराने के साथ उनसे पूछताछ की। जहां पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला कि पीड़ित की मां छत्तीसगढ़ व उसके दोनों पड़ोसी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। जिसके कारण उनका आपस में आना जाना बना रहता था। महिला एक्सपोर्ट गारमेंट कंपनी में काम करती थी। उसकी सात साल की इकलौती बेटी है जिसे वह घर पर छोड़कर काम पर जाती है। उसके पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसे चॉकलेट का लालच देकर बुलाया। इसके बाद अपने कमरे में वारदात को अंजाम दिया। मां के वापस आने के बाद बच्ची ने पूरी बात रोते हुए बताई। आरोपी अपने दोस्त के साथ फरार हो गया। उनके जाने के बाद से ही मां को संदेह था।
घटना की जानकारी मानेसर महिला थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद दो टीम गठित कर कानपुर व आगरा में छापेमारी की। पुलिस ने आगरा में छापामारी के दौरान एक आरोपी (नाबालिग) है और दूसरे अमित मिश्रा को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से नाबालिग को बाल सुधार गृह और अमित को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया है।