राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी लेंगे हिस्सा , रग्बी, बॉक्सिंग, शतरंज, टेबल टेनिस और टेनिस जैसी प्रतियोगिताएं होंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। स्कूल स्तर पर खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने की दिशा में 70वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों का आयोजन 23 से 28 अक्तूबर तक दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में किया जाएगा। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार रग्बी, बॉक्सिंग, शतरंज, गतका, जूडो, टेबल टेनिस और टेनिस की विभिन्न आयु वर्गों की प्रतियोगिताएं होंगी। हरियाणा की टीमें भी इन मुकाबलों में हिस्सा लेंगी। इस प्रतियोगिता में गुरुग्राम से वहीं खिलाड़ी भाग ले सकते हैं तो एजीएफआई के द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता रहे हैं। प्रतियोगिताओं में अंडर-14 और अंडर-17 रग्बी में लड़के-लड़कियां, अंडर-14 बॉक्सिंग में लड़के, अंडर-19 शतरंज में लड़के-लड़कियां, अंडर-17 व अंडर-19 गतका में लड़के-लड़कियां, अंडर-14 जूडो में लड़के-लड़कियां, अंडर-17 टेबल टेनिस में लड़के-लड़कियां तथा अंडर-14 टेनिस में लड़के-लड़कियां और अंडर-17 टेनिस में लड़कियां हिस्सा लेंगी। सभी टीमों को 22 अक्तूबर सुबह 11 बजे तक रिपोर्ट करना होगा। इसी दिन पात्रता जांच की जाएगी और जरूरत पड़ने पर मेडिकल व आयु सत्यापन भी होगा। 23 अक्तूबर को उद्घाटन के साथ मुकाबले शुरू होंगे। 28 अक्टूबर को फाइनल और समापन समारोह होगा। एईओ जगदीश अहलावत ने बताया कि एसजीएफआई के नियमों के तहत प्रत्येक श्रेणी में हर संबद्ध इकाई केवल एक टीम भेज सकती है। पंजीकरण के बाद प्रति खिलाड़ी 300 रुपये शुल्क जमा करना होगा।