बिलासपुर थाना क्षेत्र में 15 दिसंबर की रात को दिया था वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बिलासपुर थाना क्षेत्र में थार और वैगनार गाड़ी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में पुलिस ने मामा-भांजे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान वजीराबाद निवासी राहुल (भांजा), सिधरावली गांव निवासी सुभाष (मामा) और पश्चिम बंगाल के जिला उत्तर दिनाजपुर के बशारतपुर गांव निवासी वारिस शेख को गिरफ्तार किया है।
मंगलवार को बिलासपुर थाना पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित ने बताया कि सोमवार रात करीब दो बजे उनके घर के बाहर खड़ी थार गाड़ी पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर गाड़ी को आग लगा दी गई है। थार गाड़ी में लगी आग की चपेट में आने से पास में ही खड़ी उनकी वैगन-आर गाड़ी में भी आग लग गई थी। इससे उनकी दोनों गाड़ियां पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थीं। पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया कि बिलासपुर थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को तीनों आरोपियों को मानेसर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि आरोपी सुभाष शिकायतकर्ता का पड़ोसी है। करीब एक साल पहले सुभाष और उनकी बहन का शिकायतकर्ता के साथ शौचालय के गड्ढा खोदने को लेकर झगड़ा हुआ था। इसकी रंजिश रखते हुए आरोपी सुभाष, उसकी बहन, उसकी बहन का बेटा आरोपी राहुल और आरोपी वारिस शेख (सुभाष की बहन के पास काम करता है) सभी सिधरावली ईको गाड़ी में सवार होकर शिकायतकर्ता के घर पहुंचे। आरोपी वारिस शेख ने अन्य आरोपियों के कहने पर दोनों गाड़ियों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी।