लैंडफिल साइट पर करीब नौ लाख टन कूड़े के ढेर लगे
तीन नई एजेंसियों को सौंपा जाना है कचरा निस्तारण का काम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर कूड़े के निस्तारण को लेकर नई एजेंसियों को काम सौंपने को लेकर फाइल मुख्यालय स्तर पर अटकी हुई है। शासन की मंजूरी के इंतजार में कूड़ा निस्तारण संबंधी टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। इस कारण बीते करीब दो महीने से साइट पर कूड़ा निस्तारण कार्य भी अटका पड़ा है।
इससे बंधवाड़ी में कूड़े के ढेर जमा हो रहे हैं। बंधवाड़ी में काम कर रही एजेंसी की टेंडर अवधि खत्म हो चुकी है। कचरा निस्तारण कार्य बंद हो गया है।बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर पिछले दस वर्ष से कूड़े का निपटान नहीं होने के कारण यहां पर कूड़े का पहाड़ खड़ा है। साइट पर करीब 2200 टन कचरा प्रतिदिन बांधवाड़ी लैंडफिल साइट पहुंच रहा है। इसमें से 1200 टन गुरुग्राम से पहुंचता है, जबकि फरीदाबाद में प्रतिदिन लगभग 1000 टन कचरा लैंडफिल साइट पर पहुंच रहा है। पुराने कचरे के निस्तारण के काम लगीं एजेंसियों का अनुबंध हाल ही में समाप्त हो गया है। बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर कूड़े का पहाड़ हटाने में और तेजी से काम हो सके, इसके लिए नगर निगम गुरुग्राम द्वारा पांच-पांच लाख टन लीगेसी वेस्ट पुराना कचरा निस्तारण करने का काम तीन नई एजेंसियों को सौंपने की योजना बनाई थी। इसमें करीब 85 कराेड़ रुपये से अधिक का बजट खर्च होना था। नगर निगम गुरुग्राम की ओर से कार्ययोजना बनाकर अनुमति के लिए मुख्यालय भेजा गया है। निगम अधिकारियों को वहां से हरी झंडी का इंतजार है।
बंधवाड़ी में किया जा चुका है 32 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण
निगम अधिकारियों के मुताबिक, बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर लगभग 40 लाख मीट्रिक टन कचरा था। इसमें से 32 लाख मीट्रिक टन कचरा निस्तारित कर लिया गया है। शेष कचरे का प्रसंस्करण अभी किया जाना है। निगम ने शुरुआत में कचरा साफ करने के लिए मार्च 2023 की समय-सीमा तय की थी, और फिर इसे बढ़ाकर दिसंबर 2024 कर दिया था। अब समय सीमा फिर से बढ़ाई गई है। फिलहाल बंधवाड़ी में लगभग नौ लाख टन कूड़ा पड़ा है।
कोट:
कूड़ा निस्तारण के लिए टेंडर के लिए मुख्यालय से हरी झंडी मिलने का इंतजार है। अनुमति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर तेजी से कूड़ा निस्तारण कार्य शुरू कराया जाएगा। समयसीमा के भीतर बंधवाड़ी से लीगेसी कचरा निस्तारित हो जाएगा।
- अखिलेश यादव, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम गुरुग्राम।