19वीं मंजिल से गिरकर किशोर की मौत
- फोटो : अमर उजाला
गुरुग्राम में सेक्टर-10 थाना क्षेत्र में रामप्रस्था सिटी की रामप्रस्था प्राइमेरा सोसाइटी में मंगलवार देर रात एक किशोर की 19वीं मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने से मौत हो गई। इमारत से कुछ गिरने की तेज आवाज सुनकर सिक्योरिटी गार्ड और अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो किशोर को खून से लथपथ हालत में पड़ा पाया। घटना की किशोर के परिवार वालों को सूचना दी गई तो उसे पास के निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सेक्टर-10 थाने की पुलिस अस्पताल में पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में पहुंचाया।
मृतक किशोर की पहचान 15 वर्षीय आश्मान के रूप में हुई है। वह एक निजी स्कूल की 10वीं कक्षा में पढ़ता था। बताया जा रहा है कि छमाही परीक्षा के परिणाम में उसके नंबर कम आए थे। ऐसे में वह परेशान रहता था। मंगलवार शाम को उसके पिता ने भी उससे कम नंबर आने को लेकर बातचीत की थी जिससे वह नाराज हो गया था। रात को खाना खाने के बाद आश्मान इमारत की बालकनी में खड़ा हो गया था। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरकर आश्मान की मौत हाे गई। मृतक किशाेर के पिता रविश कुमार एक कंपनी में मैनेजर हैं। सेक्टर-10 थाने की पुलिस ने पिता रविश कुमार के बयान दर्ज किए हैं।
पुलिस के अनुसार आश्मान के संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने की घटना मंगलवार रात 10:30 से 11 बजे के बीच हुई। आश्मान का परिवार सेक्टर-37डी स्थित रामप्रस्था प्राइमेरा सोसाइटी में इमारत की 19वीं मंजिल पर रहता है। बुधवार को मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। जांच अधिकारी पदम ने बताया कि मामले में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। परिवार वालों के बयान दर्ज किए गए हैं। किशोर के दोस्तों और परिवार वालों से जानकारी ली गई है कि वह मानसिक तनाव, पारिवारिक दबाव या दूसरी किसी वजह से परेशान था या नहीं। मामले की छानबीन की जा रही है। अभी तक कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है।