प्लास्टिक फ्री हरियाली तीज की शुरुआत पौधरोपण से करेंगी महिलाएं, जोरशोर से चल रहीं तैयारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाली तीज प्रकृति वंदन का त्योहार है। शिव पार्वती पूजन, मेहंदी, झूले, पारंपरिक पोशाक और मौसमी मिठाइयों के साथ प्रकृति को नया जीवन देने वाली बारिश का स्वागत करने की परिपाटी है, मगर कंकरीट का जंगल और प्रदूषण का गढ़ बनते शहर में पर्यावरण संरक्षण की जरूरत और प्रदूषण नियंत्रण की जागरूकता भी अब त्योहार की जरूरत बनने लगा है।
सोसाइटियों के तीज मेलों को प्लास्टिक फ्री रखने, उपहार में पौधा दिए जाने, गिफ्ट रैप के लिए बायोडेग्रेडबल चीजों का प्रयोग भी मेहंदी, झूले, घेवर और डांस के साथ शामिल हो गया है। तीज मेले की आयोजक रमा रानी राठी ने बताया कि डीएलएफ में हरियाली तीज मेले की शुरुआत पौधरोपण के साथ होगी। सेक्टर 82 डीएलएफ प्राइमस सोसाइटी का तीज मेला प्लास्टिक फ्री होगा। पर्यावरण अनुकूल पहल को सफल बनाने में वनीता, वर्षा, नीतू, शालिनी, स्वाति और मोनिया खास है।
डीएलएफ फेज वन के एफ ब्लॉक में 13 अगस्त को तीज मनाएंगे। हम लोग कई साल से मेला आयोजित करते रहे हैं। शुुरुआत पौधरोपण से करते हैं।
- शर्मिला रोज, संस्थापक राष्ट्रीय जाट महिला मंच
हम लोग 13 अगस्त को हरियाली तीज का उत्सव मना रहे हैं। खानपान और गिफ्ट के लिए ईको फ्रेंडली चीजों का प्रयोग किया जाएगा।
- विनीता खोंसला, ग्रीनवुड सिटी, सेक्टर-45
हमारी सोसाइटी में 9 अगस्त को हरियाली तीज का उत्सव मनाएंगे। पर्यावरण संरक्षण की हमारी विंग में महिलाओं की बड़ी भागीदारी है।
- राधिका मुखर्जी द लेजेंट, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड
हम लोग 15 अगस्त को हरियाली तीज का कार्यक्रम सोसाइटी के पार्क मेंं करेंगे। उपहार के लिए पौधे और बायोडेग्रेडबल साधनों के प्रयोग पर जोर रहेगा।
-कृति शर्मा, रहेजा वेदांता, सेक्टर-108