कठिन विषयों को समझना विद्यार्थियों के लिए होगा पहले से अधिक आसान
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए स्मार्ट किताबें से पढ़ाई शुरू करने का फैसला लिया है। इस कदम से अब सरकारी स्कूलों में पढ़ाई का तरीका काफी बदलने लगा बै। अब तक निजी, सरकारी और सरकारी में भी विशेष स्कूलों में पढ़ाई का स्तर अलग-अलग होता था लेकिन स्मार्ट किताबों से यह फर्क कम होगा। इन किताबों में दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करते ही सभी छात्रों को एक जैसा वीडियों और पढ़ाई का कंटेंट मिलेगा। इससे हर बच्चे को समान तरीके से पढ़ने का मौका मिलेगा।
नई किताबों में दिए गए क्यूआर कोड के जरिये शिक्षक सीधे क्लास में ही वीडियो, प्रयोग और अतिरिक्त सामग्री दिखा सकेंगे। इससे उन्हें हर विषय को समझाने में ज्यादा मदद मिलेगी और पढ़ाई ज्यादा स्पष्ट हो पाएगी। खासकर कठिन विषयों को समझाना अब आसान होगा। शिक्षकों का कहना है कि इस पहल से क्लासरूम ज्यादा इंटरैक्टिव बनेंगे। छात्र सिर्फ किताब पढ़ने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि देखकर और समझकर सीखेंगे। इससे उनकी भागीदारी भी बढ़ेगी और पढ़ाई में रुचि भी बढ़ेगी। यह पहल शिक्षकों पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव को भी कम कर सकती है, क्योंकि अब उन्हें अलग से सामग्री तैयार करने में कम समय लगेगा। साथ ही, एक समान डिजिटल कंटेंट मिलने से सभी स्कूलों में पढ़ाई का स्तर भी बेहतर होगा। बोर्ड के चेयरमैन प्रो. पवन कुमार शर्मा के अनुसार, यह कदम डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ शिक्षकों और छात्रों दोनों के लिए पढ़ाई को आसान बनाएगा।