शिक्षकों के लिए एआई बेसिक्स का ऑनलाइन कोर्स 16 मार्च से
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के लिए डिजिटल टीचर कोर्स ऑन एआई बेसिक्स बैच-3 नाम से ऑनलाइन कोर्स शुरू कर रही है। यह कोर्स 16 मार्च से शुरू होगा। कोर्स के माध्यम से शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बुनियादी जानकारी देने के साथ-साथ इसके शैक्षणिक उपयोग के बारे में भी प्रशिक्षित किया जाएगा।
इसमें एआई के बेसिक्स, जेनरेटिव एआई, एआई टूल्स और उनके उपयोग, एआई एथिक्स व रिस्क मैनेजमेंट और एआई के प्रैक्टिकल यूज केस जैसे विषय शामिल किए गए हैं। कोर्स के दौरान प्रतिभागियों को मॉड्यूल आधारित असाइनमेंट व गतिविधियां भी करवाई जाएंगी और लाइव डाउट क्लियरिंग सेशन भी आयोजित किए जाएंगे। कोर्स पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिया जाएगा। यह कोर्स हरियाणा के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के लिए है। विभाग की ओर से इच्छुक शिक्षकों को ऑनलाइन पंजीकरण कर इसमें भाग लेने का आह्वान किया गया है।