नूंह। जिले के स्कूलों में बेहतर तरीके से बच्चों को शिक्षा देने के लिए अध्यापकों को प्रशिक्षित किया गया है। ये अध्यापक पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीखे गए गुरों को कक्षा में बच्चों को सिखाएंगे। जिले के अलग-अलग खंडों में आयोजित किए गए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत गर्मी की छुट्टियां शुरू होने के साथ हुई थी और अब इनका समापन हुआ है।
निपुण हरियाणा मिशन के अंतर्गत बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान पर केंद्रित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन नूंह जिले के चारों खंड़ पुनहाना, नगीना, फिरोजपुर झिरका और नूंह में आयोजित किया गया। जिसमें जिले के कुल 1658 प्राथमिक शिक्षकों में से 1007 शिक्षकों ने अपने-अपने खंडों में प्रशिक्षण पूर्ण किया, जबकि शेष शिक्षक अपने गृह जिलों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त नूंह जिले में पलवल से चार, करनाल से एक और सोनीपत से एक अध्यापक ने भी इस प्रशिक्षण में भाग लिया।
प्रशिक्षण की शुरुआत एक जून को राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय, फिरोजपुर झिरका से हुई थी और अंतिम चरण का आयोजन 16 जून से 20 जून तक राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नगीना में किया गया। फिरोजपुर झिरका में 241 शिक्षक, नगीना में 113 शिक्षक, नूंह में 394 शिक्षक तथा पुनहाना में 265 शिक्षकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
नगीना खंड के समापन समारोह में खंड शिक्षा अधिकारी गीता आर्य ने शिक्षकों को प्रमाणपत्र वितरित किए।
जिला शिक्षा अधिकारी नूंह इंदू बोकन का कहना है कि यह प्रशिक्षण न केवल शिक्षकों के ज्ञानवर्धन हेतु उपयोगी रहेगा, बल्कि शिक्षण पद्धतियों में गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक सशक्त कदम है।