गुरुग्राम। फर्रुखनगर खंड के गांव खंडेवला स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं के साथ छेड़छाड़ के आरोपी भौतिक शिक्षा के अध्यापक को मंगलवार को पुलिस ने जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी पक्ष की ओर दलील सुनने के बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया।
बता दें कि खंडेवला स्कूल में सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी व प्रधानाचार्य रणधीर सिंह ने पुलिस शिकायत दी जिसमें बताया कि स्कूल में भौतिक शिक्षा के अध्यापक सतीश कुमार चौहान छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और गलत व्यवहार करते है। कई छात्राएं आरोपी शिक्षक के खिलाफ पहले भी शिकायत कर चुकी है। प्रधानाचार्य के मुताबिक कक्षा नौवीं से बारहवीं की छात्राओं ने आरोपी शिक्षक से पढ़ने से भी मना कर दिया है। स्कूल प्राचार्य ने यह भी आरोप लगाय कि 22 अगस्त को शिक्षक के स्कूल में नियुक्ति के बाद से ही स्कूल का माहौल खराब हो गया है। इस संबंध में शनिवार को छात्राओं ने शिक्षक पर गलत तरीके से छूने का भी आरोप लगाया। इस संबंध में फर्रुखनगर थाना पुलिस की ओर से आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया था। मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।