नमो क्रिकेट लीग के चौथे दिन हुई चौकों-छक्कों की बारिश
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवी लाल क्रिकेट मैदान पर मंगलवार को नमो क्रिकेट लीग का चौथा दिन क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पांच-पांच ओवर के मुकाबलों में बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों ने भी दमखम दिखाया। क्वार्टर फाइनल में टीडीएल वॉरियर्स, सेक्टर-9 गुरुग्राम किंग्स, भगवा इलेवन मानेसर और टीडीएल गुरुग्राम इलेवन ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पहले क्वार्टर फाइनल में महाराजा सूरजमल की टीम पांच ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 34 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीडीएल वॉरियर्स ने 4.1 ओवर में एक विकेट खोकर 37 रन बनाकर नौ विकेट से मुकाबला जीत लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए गौरव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे क्वार्टर फाइनल में सेक्टर-9 गुरुग्राम किंग्स ने पांच विकेट खोकर 77 रन बनाए। जवाब में न्यू स्टार इलेवन की टीम पांच ओवर में पांच विकेट गंवाकर 23 रन ही बना सकी। तीसरे क्वार्टर फाइनल में द ब्रदरहुड ने पांच ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 43 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भगवा इलेवन मानेसर ने 3.5 ओवर में तीन विकेट खोकर 46 रन बना लिए। चौथे क्वार्टर फाइनल में जोहरावास वॉरियर्स ने आठ विकेट के नुकसान पर महज 12 रन ही बना सकी। इसके जवाब में टीडीएल गुरुग्राम इलेवन ने 2.1 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 14 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।
इसके बाद खेले गए पहले सेमीफाइनल में टीडीएल वॉरियर्स और भगवा इलेवन मानेसर आमने-सामने रहे। दूसरे सेमीफाइनल में सेक्टर-9 गुरुग्राम किंग्स का मुकाबला टीडीएल गुरुग्राम-11 से हुआ।