राहत मिलने की उम्मीद, टोल के कारण रोजाना जाम से जूझते हैं वाहन चालक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम-फरीदाबाद स्टेट हाईवे स्थित बंधवाड़ी टोल प्लाजा पर वाहन चालकों को दो माह बाद टैक्स से राहत मिलने की उम्मीद है। टोल कंपनी को पहले 31 मई तक ही वसूली करनी थी, लेकिन उसे 12 दिन का अतिरिक्त समय दे दिया गया है। ऐसे में कंपनी अब 12 जून तक टोल वसूलेगी। यदि इसके बाद टोल वसूली का करार आगे नहीं बढ़ाया जाता है, तो वाहन चालकों को राहत मिल सकती है। इस संबंध में अंतिम निर्णय प्रदेश सरकार को लेना है।
गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर प्रतिदिन करीब 60 हजार वाहनों का आवागमन होता है। बंधवाड़ी टोल प्लाजा पर वसूली के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह सड़क लोक निर्माण विभाग द्वारा एक निजी कंपनी से बनवाई गई थी। प्रदेश सरकार के 30 जनवरी 2012 के नोटिफिकेशन के अनुसार टोल टैक्स वसूली का करार 31 मई 2026 तक निर्धारित था। हालांकि, कंपनी को 12 दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है।
यदि लोक निर्माण विभाग करार को आगे नहीं बढ़ाता है, तो टोल हटाया जा सकता है। इससे लोगों को तीन टोल से राहत मिल सकती है, जिनमें बंधवाड़ी (गुरुग्राम), क्रशर जोन (फरीदाबाद) और बल्लभगढ़-सोहना रोड (फरीदाबाद) शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता चरणदीप सिंह ने बताया कि कंपनी 12 जून तक टोल वसूलेगी। इसके बाद टोल को लेकर अंतिम निर्णय प्रदेश सरकार द्वारा लिया जाएगा।