शिकायतों के बावजूद नहीं रुक रही टैंकर चालकों की मनमानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। मानेसर में सेप्टिक टैंकों की गंदगी का निस्तारण बड़ी समस्या बनता जा रहा है। टैंकर चालक निगम के तय स्थान पर गंदा पानी डालने के बजाय खाली प्लॉट, नालों और सड़क किनारे इसे बहा रहे हैं। इससे आसपास के इलाकों में गंदगी फैल रही है और जमीन के साथ भूजल भी दूषित हो रहा है।
निगम ने सेप्टिक टैंकर खाली करने के लिए आईएमटी मानेसर के सेक्टर-7 में शोधन संयंत्र के पास जगह तय की हुई है। बावजूद कई टैंकर चालक वहां जाने से बच रहे हैं। वे खाली जमीन देखकर वहीं टैंकर खाली कर देते हैं। आरोप है कि कुछ अधिकृत टैंकर चालक भी नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। टैंकर संचालक एक चक्कर के लिए करीब 800 से 1000 रुपये तक वसूलते हैं। तय स्थान पर गंदा पानी डालने के बजाय खुले में खाली करने से वे अपना खर्च बचा रहे हैं।
-
नालों को भी बना लिया गंदगी डालने का ठिकाना
टैंकर चालक अब खाली प्लॉट के साथ नालों में भी गंदा पानी डाल रहे हैं। आईएमटी मानेसर में एचएसआईआईडीसी के सीवरेज शोधन संयंत्र से निकलने वाले पानी के लिए बने नाले में भी सेप्टिक टैंकर खाली किए जा रहे हैं। सेक्टर-86 और 90 में रोजाना एक दर्जन से अधिक टैंकर इस नाले में गंदगी डाल रहे हैं। इसके अलावा दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एलान मॉल के पीछे, नाहरपुर कासन, सिकंदरपुर बढ़ा, गढ़ी गांव, पचगांव चौक और रामपुरा-नौरंगपुर रोड के आसपास भी खुले में टैंकर खाली किए जा रहे हैं।नगर निगम ने शुरुआत में टैंकर संचालकों को अनुमति दी थी। बिना अनुमति टैंकर चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन अब खुले में गंदा पानी डालने की शिकायतों के बावजूद सख्ती नजर नहीं आ रही है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से भी इस समस्या पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के आरोप हैं।
-
खुले में सेप्टिक टैंक खाली करने वाले टैंकर संचालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निगम की नजर है। - पुनीत कुमार, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम मानेसर