मुख्यमंत्री ने नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक 14 मामलों का हुआ समाधान
18 मामले आए थे सामने, चार समस्याओं के जल्द निवारण का मिला भरोसा
अधिकारियों को निर्देश लंबित मामलों की स्टेटस रिपोर्ट अगली बैठक में दें
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों से साफ और स्पष्ट शब्दों में कहा है कि नागरिकों की शिकायतों का निवारण प्राथमिकता पर सुनिश्चित करें। प्रदेश सरकार अंत्योदय उत्थान के लिए धरातल पर कार्य कर रही है। आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान ही सरकार का लक्ष्य और प्राथमिकता है। जिला लोक निवारण समिति की बैठक अध्यक्षता करते हुए सीएम ने 18 में से 14 समस्याओं का मौके पर ही निपाटारा किया। शेष 4 मामलों को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इनकी स्टेटस रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करें।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को गुरुग्राम के सेक्टर-43 स्थित पावरग्रिड ऑडिटोरियम में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में कुल 18 परिवाद रखे गए। ओरिस सोसायटी के निवासियों ने अवगत कराया कि उनकी सोसायटी के मुख्य मार्ग को द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली 24 मीटर चौड़ी सड़क कुछ भू-मालिकों ने अवरुद्ध कर दिया है। इससे निवासियों और स्कूल जाने वाले छात्रों को समस्या हो रही है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों-डीटीपी और एसटीपी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इससे पहले देवत कॉलोनी निवासी प्रमोद कुमार ने पिछले 16 वर्षों से चली आ री समस्या का समाधान होने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। पिछली बैठक में प्रमोद कुमार ने बताया था कि उनकी कॉलोनी की 24 फुट चौड़ी गली में पड़ोसी ने 12 फुट रास्ते पर अवैध कब्जा किया हुआ है। सीएम के निर्देश पर नगर निगम की ओर से की गई कार्रवाई के बाद संबंधित पड़ोसी ने अवैध कब्जा हटा लिया है। पिछली बैठक में सूर्य विहार रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने बिजली की समस्या की जो शिकायत की थी उसका भी निवारण सीएम के निर्देश के बाद हो गया है। डीएचबीवीएन ने कॉलोनी में सभी पुराने कंडक्टर बदल दिए हैं तथा सभी जर्जर खंभों को भी हटाकर नए खंभे लगाए गए हैं।
बैठक में रहे मौजूद
बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। बैठक में पटौदी विधायक बिमला चौधरी, सोहना विधायक तेजपाल तंवर तथा गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, मानेसर की मेयर डॉ इंद्रजीत यादव, जीएमडीए के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी, जीएमडीए के सीईओ श्यामल मिश्रा, मंडलायुक्त आरसी बिढान, डीसी अजय कुमार, पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा, निगम आयुक्त प्रदीप दहिया, एचएसवीपी की प्रशासक वैशाली सिंह, मानेसर के निगम आयुक्त आयुष सिन्हा, सीटीएम सपना यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, मानेसर के जिलाध्यक्ष अजित यादव भी उपस्थित रहे।