डीएलएफ परियोजना के लिए हजारों पेड़ काटने के मामले में की गई जांच
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। डीएलएफ की रियल एस्टेट परियोजना के लिए हुई पेड़ों की कटाई के बदले में किए गए पौधारोपण को लेकर सुप्रीम कोर्ट की गठित टीम ने शुक्रवार को सेक्टर-58 स्थित मैत्री के पास निरीक्षण किया। टीम ने मौके की स्थिति देखने के साथ यह भी समझने की कोशिश की कि पौधारोपण के लिए चुनी गई जमीन पहले से हरित क्षेत्र तो नहीं थी।
पर्यावरण प्रेमी वैशाली राणा ने सु्प्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी कि जिस जमीन पर नए पौधे लगाए जाने थे, वहां पहले से पेड़ और प्राकृतिक वनस्पति मौजूद थी। उनका कहना था कि डीएलएफ की परियोजना से जुड़े क्षेत्र में दो हजार से अधिक पुराने पेड़ काटे गए। वहीं, वन विभाग ने समिति को बताया कि पंजाब भूमि संरक्षण अधिनियम के तहत डीएलएफ को 2,867 पेड़ काटने और 79 पेड़ों के प्रत्यारोपण की अनुमति दी गई थी। साथ ही काटे गए हर पेड़ के बदले दस पौधे लगाने की शर्त रखी गई थी।