छात्रों की छुट्टियों को रचनात्मक व उपयोगी गतिविधियों से जोड़ने के लिए जून भर चलेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिला बाल कल्याण विभाग की ओर से आयोजित समर कैंप की शुरुआत हो गई है। कैंप का पहला दिन होने के कारण बच्चों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही। यह समर कैंप पूरे जून माह तक संचालित किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य बच्चों की गर्मी की छुट्टियों को रचनात्मक और उपयोगी गतिविधियों से जोड़ना है, ताकि वे नई-नई कलाएं सीख सकें और अपने कौशल का विकास कर सकें।
समर कैंप में बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार की गतिविधियां रखी गई हैं। इसमें आर्ट्स एंड क्राफ्ट, स्केटिंग, डांस और जूडो-कराटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। विभाग की ओर से इन गतिविधियों के लिए विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की नियुक्ति गई है। प्रशिक्षक प्रतिदिन शाम के समय बच्चों को प्रशिक्षण देंगे। अधिकारियों का कहना है कि कैंप के माध्यम से बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ नई चीजें सीखने का अवसर मिलेगा। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में अधिक बच्चे कैंप से जुड़ेंगे और उपस्थिति में लगातार बढ़ोतरी होगी।
पहली बार संगीत की शिक्षा भी होगी शामिल
इस बार समर कैंप में पहली बार संगीत शिक्षा को भी शामिल किया गया है। बच्चों को गायन के साथ-साथ विभिन्न वाद्य यंत्र बजाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। विभाग के अनुसार, हर वर्ष कई बच्चे संगीत सीखने की इच्छा लेकर बाल भवन पहुंचते थे, लेकिन उचित सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ता था। इसी मांग को देखते हुए इस वर्ष संगीत प्रशिक्षण शुरू किया गया है। कैंप के समन्वयक सुमित ने बताया कि बच्चों को अलग-अलग बैचों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक बैच में लगभग 35 बच्चों को शामिल किया गया है, ताकि सभी को बेहतर तरीके से प्रशिक्षण मिल सके।
-
सूरज कुमार