बेटियों के उज्ज्वल और सुरक्षित भविष्य के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई योजना तेजी से लोकप्रिय हो रही
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बेटियों के उज्ज्वल और सुरक्षित भविष्य के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई सुकन्या समृद्धि योजना जिले में तेजी से लोकप्रिय होती जा रही है। योजना के प्रति लोगों में बढ़ती जागरूकता और आकर्षक ब्याज दर के कारण अभिभावक बड़ी संख्या में अपनी बेटियों के नाम खाते खुलवा रहे हैं। अप्रैल माह में जिलेभर में 600 से अधिक नए खाते खोले गए हैं। डाकघरों में योजना को लेकर लगातार लोगों की भीड़ देखी जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार सुकन्या समृद्धि योजना खास तौर पर बेटियों की शिक्षा और विवाह जैसे भविष्य के खर्चों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है। इस योजना में कम निवेश के साथ बेहतर रिटर्न मिलने के कारण मध्यम वर्गीय और ग्रामीण परिवार भी बड़ी संख्या में जुड़ रहे हैं। योजना के तहत 10 वर्ष तक की आयु की बेटी के नाम खाता खोला जा सकता है। इसमें सालाना न्यूनतम 250 रुपये और अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक जमा किए जा सकते हैं।
डाक विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पहले की तुलना में अब लोगों में बेटियों की पढ़ाई और भविष्य को लेकर जागरूकता बढ़ी है। यही कारण है कि हर महीने बड़ी संख्या में अभिभावक डाकघरों में पहुंचकर खाते खुलवा रहे हैं। कई परिवार अपनी दूसरी और तीसरी बेटी के नाम भी खाते खुलवा रहे हैं ताकि भविष्य में आर्थिक बोझ कम हो सके।
शहर के सेक्टर-14 निवासी राजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी छह साल की बेटी के नाम सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाया है। उनका कहना है कि यह योजना बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने का अच्छा माध्यम है। वहीं पटौदी निवासी सीमा देवी ने कहा कि गांवों में भी अब लोग इस योजना के फायदे समझने लगे हैं और बेटियों की पढ़ाई के लिए बचत कर रहे हैं।
सुकन्या समृद्धि योजना बेटियों के भविष्य को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की एक महत्वपूर्ण योजना है। अप्रैल माह में जिले में 600 से अधिक नए खाते खोले गए हैं, जो लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। इस योजना में 8.2 प्रतिशत ब्याज मिलता है, जिस कारण लोग इसमें निवेश कर रहे।
- गुलशन कुमार, अधीक्षक मुख्यालय