स्कॉर्पियो की छत पर बैठे युवक-युवतियां, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
गुरुग्राम। न्यू गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो में सवार युवक-युवतियों द्वारा खिड़कियों व सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंटबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सड़क पर स्कॉर्पियो को गलत दिशा में चलाया गया है, जोकि सर्विस लेन पर ले जाई गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में काले रंग की स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से दौड़ती नजर आ रही है। स्कॉर्पियो की छत व खिड़कियों पर युवक-युवतियां हवा में हाथ लहराते हुए हुड़दंग कर रहे हैं। जिस समय यह स्टंट किया जा रहा था, उसी सड़क पर अन्य वाहन भी गुजर रहे थे और पीछे चल रहे चालकों को अपनी रफ्तार कम करनी पड़ी। सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो किस समय या दिन का है, इसके बारे में पुख्ता जानकारी नहीं है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार का कहना है कि वायरल वीडियो का संज्ञान ले लिया गया है। वीडियो व सड़क पर लगे कैमरों की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कॉर्पियो की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो