हाईवे पर कारों व गाड़ियों में स्टंट करने के दौरान पुलिसकर्मी इन वाहनों को रोकने का प्रयास करते हैं, लेकिन तेज रफ्तार होने के कारण पुलिसकर्मी इन गाड़ियों को रुकवा नहीं पाते। वहीं, कारों में सवार युवक पुलिसकर्मियों को अश्लील इशारे करते हुए वीडियो में कैद हो गए हैं। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर स्टंटबाजी करते हुए युवकों व गाड़ियों का वीडियो उन पुलिसकर्मियों ने भी बनाई है। सड़क पर स्टंट करने के दौरान ही गाड़ियों में सवार युवकों ने ये वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड किए हैं।
गाड़ियों में तिरंगे झंडे लगे हुए हैं और यह वीडियो स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) की है। इनमें दिल्ली नंबर की काली स्कॉर्पियो गाड़ियों का एक काफिला अचानक गुरुग्राम-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर पहुंचा। गाड़ियों पर तिरंगे लगे हुए थे। तेज रफ्तार से चलते हुए ये काफिला लगातार आगे बढ़ता रहा। गाड़ियों में कई कारें बिना नंबर प्लेट की भी शामिल थीं।
जेड ब्लैक शीशों वाली इन गाड़ियों के सनरूफ खोल कर युवक गाड़ी की छत पर बैठे हुए थे। हाईवे पर कई जगहों पर यातायात पुलिसकर्मी भी खड़े थे। इन वीडियो में द्वारका एक्सप्रेसवे की लोकेशन भी दिखाई दे रही है। दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर एयरटेल चौक के पास गाड़ियों को तेजी से चलाकर स्टंटबाजी की जा रही है। एक गाड़ी के दोनों ओर खिड़कियों में युवक बाहर निकले हुए हैं और चालक गाड़ियों को तेज गति में इधर-उधर दौड़ा रहा हैं।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि वीडियो की जांच कराई जा रही है। वीडियो को दिल्ली सीमा क्षेत्र में भी शूट किया गया है। गुरुग्राम क्षेत्र में स्टंटबाजी करने में शामिल गाड़ियों की पहचान करके उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हाईवे पर स्टंटबाजी के वीडियो में शामिल गाड़ियों की जांच कराई जा रही है।