गुरुग्राम। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) द्वारा राष्ट्रीय खिलौना मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें आर्ट एंड क्राफ्ट के शिक्षक व विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। शिक्षकों व विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सामग्री से बनाए गए खिलौनों को ऑनलाइन प्रदर्शित किया जाएगा। हालांकि अभी तक इसकी तिथि तय नहीं की गई है, लेकिन 27 फरवरी से 2 मार्च के बीच आयोजन किया जाना है।
हरियाणा समग्र शिक्षा द्वारा सभी स्कूलों में खिलौने बनाने के संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की आर्ट एंड क्राफ्ट विंग के दिवाकर ने बताया कि प्रत्येक खंड व जिले से खिलौने आमंत्रित किए गए हैं। प्रत्येक जिले से आर्ट एंड क्राफ्ट के शिक्षकों द्वारा दो-दो खिलौने व पांच-पांच विद्यार्थियों द्वारा खिलौने भेजने होंगे। इस संख्या से अधिकतम खिलौने भी भेजे जा सकते हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जैकबपुरा के प्राचार्य सुनील शरा ने बताया कि इस संबंध में स्कूल के आर्ट एंड क्राफ्ट के शिक्षकों को निर्देश जारी कर दिए हैं। विद्यार्थियों द्वारा पूरे उत्साह के साथ खिलौने बनाए जा रहे हैं।