दो समूहों में होगी प्रतियोगिताएं, पांचवीं से आठवीं और नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थी लेंगे हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा दिखाने का भी मौका मिलेगा। कैथल में 16 से 19 नवंबर तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव में जिले के करीब 100 विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। प्रदेश के 23 जिलों से पहुंचने वाले करीब 900 विद्यार्थी नृत्य, गायन और अभिनय के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इस आयोजन में गुरुग्राम के विद्यार्थी भी विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में दूसरे जिलों के प्रतिभागियों को टक्कर देंगे।
उत्सव में चार विधाओं समूह नृत्य, एकल नृत्य, रागिनी और स्किट (लघु नाटक) को शामिल किया गया है। प्रतियोगिताएं दो कक्षा समूहों में होंगी। पहले समूह में पांचवीं से आठवीं और दूसरे समूह में नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थी भाग लेंगे। इसके लिए 16 नवंबर को सभी जिलों से पहुंचने वाले विद्यार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा। 17 नवंबर को पहली से आठवीं कक्षा के समूह और 18 नवंबर को नौवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां होंगी। 19 नवंबर को विजेताओं को ट्रॉफी और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
-
चार मंचों पर दिखेगी विद्यार्थियों की प्रतिभा
आयोजन के लिए आर्यन इंटरनेशनल स्कूल में चार अलग-अलग मंच तैयार किए जा रहे हैं। प्रत्येक विधा के लिए तीन निर्णायक नियुक्त किए गए हैं। कुल 12 निर्णायक विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करेंगे। निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए निर्णायक अलग-अलग निजी स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और सांस्कृतिक संस्थानों से चुने गए हैं।