कादीपुर विद्यालय में नगर निगम ने स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के अंतर्गत नगर निगम गुरुग्राम की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कादीपुर में विशेष स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय समुदाय को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा। मुख्य अतिथि निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। जब हम अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखते हैं तभी शहर वास्तव में स्मार्ट बनता है। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग को समाप्त करने और पुन: प्रयोग योग्य वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की। वार्ड 10 के पार्षद महावीर यादव, नगर निगम गुरुग्राम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी तथा बुलंद आवाज वेलफेयर सोसाइटी की उपाध्यक्ष प्रिंका यादव ने छात्रों को सफाई के प्रति जागरूक किया। पार्षद महावीर यादव ने विद्यार्थियों को घर में दो कूड़ेदान रखने के बारे में जानकारी दी। कुलदीप हिन्दुस्तानी ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वच्छता, प्लास्टिक उन्मूलन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रधानाचार्य राकेश शर्मा समेत सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं नगर निगम गुरुग्राम की स्वच्छता टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं, दूसरी ओर आईईसी एक्सपर्ट प्रियंका यादव ने गांव बसई स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।