पटौदी।
पाथफाइंडर ग्लोबल स्कूल में अंतर विद्यालयी विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें भविष्य के वैज्ञानिकों की प्रतिभा और नवाचार देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या नीना यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विज्ञान प्रदर्शनी के साथ-साथ प्रश्नोत्तरी और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
कार्यक्रम में विद्यालय के अलावा जिले के कई निजी स्कूलों रमन मुंजाल विद्या मंदिर, एस.एन. सिद्धेश्वर स्कूल, आर.एन. टैगोर स्कूल, जमालपुर, ब्लू बेल्स गुरुग्राम, मैत्री इंटरनेशनल स्कूल और भोड़ा कलां ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनी में जूनियर और सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने भाग लिया और अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए प्रमुख मॉडल में कार्बन उत्सर्जन प्यूरिफिकेशन, रोलिंग एनर्जी, हाइड्रोफोनिक्स और स्मार्ट फार्मिंग जैसे विषय शामिल रहे। पाथफाइंडर ग्लोबल स्कूल की पहली से नौवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने अपने-अपने मॉडल प्रस्तुत किए।
आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रश्नोत्तरी वर्ग में पाथफाइंडर ग्लोबल स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, ब्लू बेल्स गुरुग्राम ने द्वितीय और रमन मुंजाल विद्या मंदिर ने तृतीय स्थान हासिल किया। मॉडल प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में रमन मुंजाल विद्या मंदिर प्रथम, पाथफाइंडर ग्लोबल स्कूल द्वितीय और ब्लू बेल्स गुरुग्राम तृतीय स्थान पर रहे। वहीं सीनियर वर्ग में ब्लू बेल्स गुरुग्राम ने प्रथम, पाथफाइंडर ग्लोबल स्कूल ने द्वितीय और रमन मुंजाल विद्या मंदिर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर सभी विजेताओं को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।