गुरुग्राम। शिक्षा निदेशालय हरियाणा ने सभी राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में दूसरी और तीसरी के विद्यार्थियों के लिए सेन्सस बेस्ड ग्रुपिंग एक्सरसाइज आयोजित करने के निर्देश दिए है। यह अभ्यास परीक्षा नहीं बल्कि एक डायग्नोस्टिक एक्सरसाइज होगी जिसके माध्यम से बच्चों की पढ़ने और समझने की क्षमता का पता लगाया जाएगा। आकलन का कार्यक्रम 15 सितंबर से दो दिनों तक चलेगा। पहले दिन भाषा विषय (हिंदी/संस्कृत/उर्दू) और दूसरे दिन गणित विषय का आकलन किया जाएगा। विद्यार्थियों का परीक्षण निपुण हरियाणा टीचर एप के माध्यम से होगा। इसके साथ ही निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि यह अभ्यास बच्चों के शैक्षिक परिणामों में सुधार लाने और बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक क्षमता (एफएलएन) को मज़बूत करने के लिए किया जा रहा है। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालय स्तर के शिक्षकों को इसके लिए विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। संवाद