छात्रों का आरोप, जीडी गोयनका विवि में निजी व्यक्ति को दिया पार्किंग का ठेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना से गुरुग्राम रोड पर स्थित जीडी गोयनका विश्वविद्यालय के छात्रों ने प्रबंधन की ओर से पार्किंग पर शुल्क लगाए जाने का विरोध किया। छात्रों ने एक नंबर गेट पर जाम लगाया। बाद में मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस बल की मौजूदगी में प्रदर्शन बंद हुआ। छात्रों का आरोप था कि दस साल से विश्वविद्यालय की पार्किंग पेड नहीं थी। बिना किसी सूचना के उसे पेड कर दिया गया । छात्रों को इस विषय में पहले सूचित करना चाहिए।
गुरुग्राम रोड पर जीडी गोयनका विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा पार्किंग शुल्क के विरोध की सूचना के बाद विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी प्रो. अमित सिंह वहां पहुंचे और छात्रों को समझाया। लेकिन छात्र नहीं माने और गाड़ियों को गेट नंबर एक के बाहर पार्क कर दिया। जहां विश्वविद्यालय के छात्रों ने बताया कि पिछले 10 वर्षों से विश्वविद्यालय में अंदर गाड़ियां खड़ी की जा रही हैं। अब बिना सूचना के एक नंबर गेट बंद कर यूनिवर्सिटी के पीछे किसी निजी व्यक्ति को पार्किंग का ठेका दे दिया। जहां एक से डेढ़ किलोमीटर घूम कर विश्वविद्यालय के पीछे वाहनों को खड़ा करके अंदर जाना पड़ेगा।
वहीं बाहर मौजूद विश्वविद्यालय के प्रशासनिक विभाग के अधिकारी प्रोफेसर अमित सिंह ने बताया कि यूनिवर्सिटी में फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को एमरजेंसी में निकलने में काफी दिक्कत होती है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने किसी निजी कंपनी को पार्किंग लीज पर दी है। जिसका छात्र विरोध कर रहे हैं। सभी छात्रों को अपनी गाड़ी फिलहाल पार्किंग में खड़ी करने के लिए बोल दिया गया है।
छात्रों के अनुसार निजी कंपनी द्वारा पार्किंग में छात्रों से कार के लिए 1250 रुपये प्रतिमाह ,बाइक के लिए 600 रुपये वसूल किए जाएंगे। जहां सप्ताह में दो छुट्टियां भी होती हैं। छात्रों ने इसे विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से थोपा गया अतिरिक्त बोझ बताया ।