गुरुग्राम। भोंडसी स्थित राजकीय विद्यालय में सोमवार को विश्व जल दिवस के अवसर पर 8 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट और 100 लीटर प्रति घंटा की क्षमता का सोलर वाटर आरओ सिस्टम स्थापित किया गया। इससे अब यहां के छात्रों और शिक्षकों व अन्य कर्मचारियों को भी स्वच्छ जल की आपूर्ति होगी। वहीं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्रों ने स्वच्छ जल का महत्व बताया।
प्राचार्य श्याम राघव ने बताया कि स्वच्छ पेयजल तक पहुंच हर बच्चे का मौलिक अधिकार है। बच्चों के वृद्धि और विकास के लिए स्वच्छ पानी सबसे अधिक आवश्यक है। ऐसे में सीड संस्था के माध्यम से विभिन्न सरकारी स्कूलों में सोलर पैनल वाले आरओ सिस्टम स्थापित किए जा रहे हैं। संस्था की मीरा राय ने बताया कि जल मौलिक जरूरत है, आज की तारीख में आसपास के पेयजल के स्रोत खत्म हो रहे हैं। ऐसे में आगे भी कई स्कूलों में इस तरह की सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।