एक जुलाई तक चलेगी परीक्षा, स्कूलों में रिवीजन के साथ तैयारियां तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों का स्टूडेंट असेसमेंट टेस्ट 27 जुलाई से एक अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। इस परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों के विषय ज्ञान, समझ और सीखने के स्तर का आकलन किया जाएगा। परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके बाद विद्यालयों में तैयारियां तेज हो गई हैं।
एससीईआरटी की ओर से परीक्षा के प्रश्नपत्र पासवर्ड प्रोटेक्टेजड डिजिटल फाइल के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी भेजे जाएंगे। परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले प्रश्नपत्र का पासवर्ड उपलब्ध कराया जाएगा। यदि किसी विद्यालय को प्रश्नपत्र नहीं मिलते हैं, तो निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार विद्यालय स्तर पर प्रश्नपत्र तैयार किए जाएंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय पर पाठ्यक्रम पूरा कराने के साथ विद्यार्थियों का नियमित रिवीजन कराया जाए। शिक्षकों को कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने और अतिरिक्त अभ्यास कराने के लिए कहा गया है, ताकि परीक्षा में उनका प्रदर्शन बेहतर हो सकें।
परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मू्ल्यांकन उसी दिन किया जाएगा और निर्धारित समय सीमा के भीतर विद्यार्थियों के अंक विभाग के पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। इस मू्ल्यांकन के आधार पर विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया जाएगा और आगे की पढ़ाई की रणनीति तैयार की जाएगी। विद्यालयों में परीक्षा को लेकर रिवीजन कक्षाएं अतिरिक्त अभ्यास भी शुरु कर दिए गए हैं।