इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजने का आरोप, भोंडसी थाने में प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। भोंडसी थाना क्षेत्र में 28 जनवरी को जीवीएम पब्लिक स्कूल में छात्र व मां के साथ मारपीट का आरोप है। स्कूल की प्रधानाचार्य व शिक्षक ने बच्चे पर इंस्टाग्राम से मैसेज भेजने का आरोप लगाया। इसके बाद बच्चे को बेरहमी से पीटा गया। स्कूल प्रबंधन की ओर से बच्चे की मां को कॉल करके बुलाकर हाथापाई व गाली-गलौज की। बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है।
रियान इंक्लेव निवासी सरला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि बेटा गौतम यादव भोंडसी के स्नेह विहार स्थित जीवीएम पब्लिक स्कूल की आठवीं कक्षा में पढ़ता है। सरला के पास 28 जनवरी की सुबह स्कूल से कॉल आई कि उसके बच्चे को चोट लगी है। सरला का आरोप है कि जब वह स्कूल पहुंची तो उसके साथ स्कूल की प्रधानाचार्य माया ने गाली-गलौज की। प्रधानाचार्य ने उनके बेटे गौतम पर इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजने का आरोप लगाया। सरला ने गौतम से बात कराने को कहा तो उसके साथ प्रधानाचार्य व शिक्षिका जिया ने मारपीट की। सरला ने पुलिस को बुलाया तो पुलिस भी सरला से माफी मांगने का दबाव बनाने लगी। सरला के बेटे को बुलाया गया तो वह बुरी तरह से घायल था। उसने अपनी मां को बताया कि उसे सुबह से बेरहमी से पीटा जा रहा है। सरला ने स्कूल से अपने बेटे को लाकर उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया। सरला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भोंडसी थाने में 11 फरवरी को 3(5), 115(2), 117(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल रामेश्वर ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है। जांच और मामले से संबंधित लोगों के बयान में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।