बारिश के दौरान कटी बिजली, कई जगहों पर वोल्टेज का उतार चढ़ाव
संवाद न्यूज एजेंसी गुरुग्राम। बारिश के कारण शहर के लोगों को बिजली कटौती का भी सामना करना पड़ा। कई इलाकों में वोल्टेज का उतार-चढ़ाव बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। बिजली के करंट से हुई दुर्घटनाओं के बारे में बिजली निगम के अधिकारियों का कहना है कि उनके सिस्टम से कोई दुर्घटना नहीं हुई है। एसई टू पीके चौहान ने बताया बारिश के दौरान उनकी पूरी टीम सक्रिय रही और लोगों को बिजली कटौती का सामना नाममात्र का करना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार बारिश के दौरान एहतियातन बिजली काटी गई। डीएलएफ फेज टू में बृहस्पतिवार को दिन में लोगों ने काफी वोल्टेज के उतार चढ़ाव का सामना किया। सिविल लाइंस में बुधवार और बृहस्पतिवार लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
सेक्टर 36 स्थित एवीएल सोसाइटी के निवासी मनोज कुमार यादव ने बताया कि बारिश से पहले ही सोसाइटी के केबल में फॉल्ट आ गया था। बुधवार की सुबह गई बिजली बृहस्पतिवार को शाम तक नहीं आई थी। सेंट्रल पेरिफेरल रोड के 1500 परिवार इससे प्रभावित हुए। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि इस इलाके में बिजली व्यवस्था दुरुस्त कर दी गई थी। बुधवार से बृहस्पतिवार के बीच गुरुग्राम के सर्कल वन में 5160 शिकायतें दर्ज की गईं। सर्कल वन में गुरुग्राम का पुराना शहर, मानेसर और द्वारका एक्सप्रेसवे का हिस्सा शामिल है। इन शिकायतों में गुरुग्राम शहर की 3493 शिकायतें, मानेसर से 1667 शिकायतें दर्ज की गईं। सबसे ज्यादा शिकायतें न्यू पालम विहार से आईं। कादीपुर सबडिविजन जिसके तहत पुराने शहर का एक बड़ा हिस्सा है। वहां से 954 शिकायतें दर्ज की गई। न्यू कॉलोनी सबडिविजन से 546 शिकायतें आईं।
बारिश के दौरान कहीं भी गंभीर बिजली संकट नहीं रहा। करंट लगने की दुर्भाग्य पूर्ण घटना नगर निगम के बिजली के खंभे से हुई है। इसकी देखभाल नगर निगम करता है। बिजली निगम ने पूरी कोशिश कर बिजली व्यवस्था बारिश के दौरान ठीक रखी है। - वीके अग्रवाल, मुख्य अभियंता बिजली निगम