डीएचबीवीएन में 11 केवी फीडरों के विस्तार के संबंध में हुई समीक्षा बैठक
गुरुग्राम में 220 फीडरों का होगा विस्तार, नए फीडर लगेंगे और किया जाएगा एक्सटेंशन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बिजली निगम के अधिकारियों की बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर संबंधित काम तय समय अवधि में पूरा करने के आदेश दिए गए। डीएचबीवीएन में सुचारू बिजली आपूर्ति के लिए स्थापित किए जाने वाले नए 11 केवी फीडरों के विस्तारण के संबंध में हो रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इनकी प्रगति और तय समय सीमा में कार्य संपन्न करने के लिए संबंधित ठेकेदारों को निर्देश दिए गए। न करने पर सख्ती करने की चेतावनी भी दी गई।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक अशोक कुमार गर्ग के निर्देशानुसार सोमवार को स्थानीय हेतरी हाउस कार्यालय में निगम के निदेशक (ऑपरेशन एवं प्रोजेक्ट) विपिन गुप्ता ने बैठक की। इस बैठक में डीएचबीवीएन के विभिन्न जिलों एवं सर्कल में 11 केवी फीडर लगाए जाने पर चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि गुरुग्राम एक में 133, गुरुग्राम दो में 87, फरीदाबाद में 101, रेवाड़ी में 270, हिसार में 135, सिरसा में 218, जींद में 145, भिवानी 180, चरखी दादरी में 61, 011 केवी फीडर लगाए जाने और विस्तारित किए जाने हैं। इसके तहत एचटी और एलटी फीडरों आदि का विस्तार होना है। बैठक में 11 केवी फीडर पर किए गए सभी कार्यों, मैटेरियल और समय सीमा आदि की समीक्षा भी की गई। बिजली निगम के प्रवक्ता ने बताया कि गुरुग्राम में 220 फीडरों पर काम होगा। इनमें कुछ नए लगेंगे, कुछ का एक्सटेंशन होगा और कुछ का नवीकरण किया जाएगा। इसका उद्देश्य बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाना है।
इस बैठक में दिल्ली (ऑपरेशन) जोन के मुख्य अभियंता विनोद कुमार अग्रवाल, हिसार (ऑपरेशन) जोन के मुख्य अभियंता राजेंद्र कुमार सभरवाल, प्लानिंग, डिजाइनिंग एवं कंस्ट्रक्शन के मुख्य अभियंता कृष्ण स्वरूप सहित संबंधित अधीक्षण अभियंताओं सीएस जाखड़, अनुपम कटियार और अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। विकास कार्य में विस्तार से चर्चा के लिए बैठक में ऑपरेशन अधीक्षण अभियंता हिसार के फहीम रजा नकवी, सिरसा के कुलदीप अत्री, जींद के एमएल सुखीजा, भिवानी के विनोद पूनिया, नारनौल के जोगेंद्र हुड्डा, रेवाड़ी के प्रदीप चौहान, गुरुग्राम एक के श्यामवीर सैनी, गुरुग्राम 2 के मनोज यादव, फरीदाबाद के जितेंद्र ढुल, पलवल के रंजन राव, जनसंपर्क अधिकारी संजय चुघ, वेबकोस के प्रोजेक्ट मैनेजर विनीत चौधरी आदि उपस्थित रहे।