एक माह में छह हजार लोगों का हुआ चालान, 35 लाख रुपये से अधिक लगा जुर्माना
मयंक तिवारी
गुरुग्राम। शहर में प्रदूषण कम करने के लिए नगर निगम की ओर से शिकंजा कसा जा रहा है। नगर निगम गुरुग्राम के चारों जोन में 71 सफाई सहायक निरीक्षकों को 12 टीमों में लगाया है। यह टीमें शहर के अलग-अलग क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वालों का ऑन लाइन चालान कर रही हैं। नगर निगम आयुक्त की ओर से रोज औसतन 200 चालान करने का लक्ष्य है। नगर निगम की ओर से एक माह में छह हजार से अधिक लोगों का चालान कर 35 लाख रुपये का जुर्माना किया जा चुका है।
नगर निगम की ओर से प्रदूषण नियंत्रण के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। टीम को वाहन के साथ ही एप पर इसे ऑन लाइन रसीद काटने को कहा गया है। नगर निगम में पहले इसके लिए पारदर्शिता नहीं थी। इसके चलते नगर निगम की ओर से एप पर ही जुर्माना भरने को कहा गया है।
मानेसर नगर निगम में हो चुका है करार
मानेसर नगर निगम की ओर से भी एक कंपनी के साथ करार किया गया है जिसमें ऑनलाइन जुर्माना किया जाएगा। नगर निगम अधिकारियों का मानना है कि जब तक लोगों के भीतर जागरूकता नहीं आएगी वह इसके लिए खुद से नहीं तैयार होंगे तब तक इस समस्या से नहीं निपटा जा सकता है।
तीन माह में पूरा शहर होगा स्वच्छ
निगमायुक्त प्रदीप दहिया के दिशा-निर्देशानुसार, नगर निगम गुरुग्राम ने आगामी तीन महीनों में शहर की मुख्य सडक़ों, अंदरूनी गलियों, ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों, बस क्यू शेल्टर, मेट्रो स्टेशन सहित सभी सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए निगम की टीमें प्रतिदिन अलग-अलग क्षेत्रों में सफाई कार्य में जुटी हैं। वहीं, संयुक्त आयुक्त स्तर के अधिकारी भी प्रतिदिन मौके पर जाकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं और सफाई कर्मियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं। संयुक्त आयुक्त भी प्रतिदिन धरातल पर जाकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं तथा स्वच्छता टीमों का हौसला बढ़ा रहे हैं। जोन-1 क्षेत्र में संयुक्त आयुक्त डा. नरेश कुमार, जोन-2 क्षेत्र में संयुक्त आयुक्त विशाल कुमार, जोन-3 क्षेत्र में संयुक्त आयुक्त डा. जयवीर यादव तथा जोन-4 क्षेत्र में संयुक्त आयुक्त रविन्द्र मलिक के नेतृत्व में मिशन प्रदूषण मुक्त स्वच्छ गुरुग्राम अभियान लगातार जारी है। गुरुग्राम विश्वविद्यालय रोड, एसपीआर, द्वारका एक्सप्रेसवे की ग्रीन बेल्ट, सेक्टर-45 रोड, अंबेडकर चौक, वजीराबाद रोड, सेक्टर-40, सामुदायिक केंद्र सेक्टर-31, सेक्टर-31/39 डिवाइडिंग रोड, बादशाहपुर रोड, सिग्नेचर टावर, शोभा सिटी रोड, सेक्टर-33/34 डिवाइडिंग रोड, महाराजा रणजीत सिंह मार्ग, सोहना चौक, सनाथ रोड, सोहना चौक से राजीव चौक, ओल्ड व न्यू रेलवे रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्य किया जा चुका है।
वायु गुणवत्ता को ठीक करने के लिए प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। अलग-अलग 12 टीमों की ओर से इन पर कार्रवाई की जा रही है।
प्रदीप दहिया, निगमायुक्त