पुलिस आयुक्त ने यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए दिए दिशा-निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पुलिस आयुक्त शिवास कविराज ने जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित व सुचारु बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करके जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी, जिसके लिए 30 विशेष चेकिंग पाॅइंट चिन्हित किए हैं। बैठक में यातायात व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने के लिए विशेष तौर पर चर्चा की।
पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि 18 से 40 वर्ष आयुवर्ग के वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखी जाए। हालांकि पुलिस ने आयुक्त ने कहा कि जांच के दौरान जिन वाहनों में महिला, बच्चे या बुजुर्ग बैठे हैं, उन वाहनों को जाने दिया जाए लेकिन उक्त वाहन चालक कोई यातायात नियम तोड़ता पाया जाता है तो उसका ऑनलाइन चालान किया जाए। साथ ही परिवार के साथ यात्रा कर रहे नागरिकों के साथ संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, चिह्नित स्थानों पर बुधवार, शुक्रवार व शनिवार को देर रात तक जांच अभियान चलाया जाएगा और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के उद्देश्य से कार पूलिंग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इसके लिए निजी कंपनियों व कॉर्पोरेट संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित करके अधिक से अधिक लोगों को कार पूलिंग अपनाने के लिए जागरूक करने संबंधी निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रमुख चौराहों व व्यस्त मार्गों पर स्थापित कैमरों एवं सीसीटीवी निगरानी प्रणाली के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ऑनलाइन ट्रैफिक चालान की कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रतीक गहलोत, सभी सहायक पुलिस आयुक्त यातायात, यातायात निरीक्षक, थाना यातायात प्रबंधक मौजूद रहे।