गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे से सेक्टर 99-102 होकर गुजरने वाली सड़क पर कई दिनों से स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को अंधेरे में आवाजाही करनी पड़ रही है। अंधेरे से वाहन चालकों के लिए हादसों का खतरा बना हुआ है।
लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से स्ट्रीट लाइटें नहीं जल रही हैं, जिससे करीब आठ हजार लोग प्रभावित हैं। निवासियों ने बताया कि मॉल से आगे एक चौराहा है। यहां न तो स्ट्रीट लाइटें हैं और न ही ट्रैफिक लाइटें। वहीं, सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं और इसकी सतह भी जर्जर हो चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ है। सेक्टर-102 स्थित हेरिटेज मैक्स सोसाइटी के निवासी अश्विनी रस्तोगी ने बताया कि स्ट्रीट लाइटें नहीं जलने के कारण सड़क पर अंधेरा रहता है। संवाद